मंगलौर पुलिस ने ग्राम उदलहेड़ी में बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात समेत लगभग पूरा माल बरामद कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को ग्राम उदलहेड़ी निवासी रोहित पुत्र सतपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधिकारियों को जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात समेत लगभग शत-प्रतिशत माल बरामद किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
