रामगढ़ में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, राज्यपाल संतोष गंगवार हुए शामिल

रामगढ़ के जिमखाना क्लब में आयोजित 6 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यपाल के कार्यक्रम में पहुंचने पर इस्कॉन (ISKCON) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया।

जिमखाना क्लब परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वृंदावन के प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी अपनी संगीतमय शैली में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करा रहे हैं। कथा के शुभारंभ के साथ ही पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

श्रीमद्भागवत कथा के रसास्वादन के लिए रामगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिमखाना क्लब पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

इस 6 दिवसीय आयोजन के दौरान श्रीमद्भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं धार्मिक संदेश दिए जाएंगे। कथा वाचन के दौरान भजन और संगीतमय प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के शामिल होने से आयोजन को विशेष गरिमा मिली। कार्यक्रम में इस्कॉन से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।