बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर सोमवार अहले सुबह करीब 3 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। गया से पिंडदान कर अयोध्या जा रही तेलंगाना के यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में बस चालक रमेश स्वामी समेत 25 यात्री घायल हो गए।
हादसे में बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज जारी है। वहीं अन्य घायलों को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद कुछ यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, तेलंगाना से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था। सभी यात्रियों ने गया में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी की थी। इसके बाद दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ। बस रात करीब 10 बजे गया से चली थी।
सोमवार अहले सुबह करीब 3 बजे जब बस बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक में बस पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को बस से बाहर निकालकर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस गया से अयोध्या की ओर जा रही थी।
