बाढ़ राहत वितरण के दौरान मकेर थानाध्यक्ष ने तानी पिस्टल, एसएसपी ने किया निलंबित

सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान बाढ़ पीड़ितों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह पर ग्रामीणों की ओर पिस्टल तानने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए देर रात कार्रवाई की। प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तमपुर गांव में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान राहत सामग्री को लेकर बाढ़ पीड़ितों और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान मकेर थानाध्यक्ष ने अपना आपा खो दिया और ग्रामीणों की ओर पिस्टल तान दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी रौशन कुमार ने तत्काल कार्रवाई की। निलंबन के दौरान संग्राम कुमार सिंह का मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है।

पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के वीडियो और पूरे मामले की जांच के बाद अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।