जिले के कंगली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिकटा नदी पुल के पास एक टेम्पू से 48.9 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सिकटा नदी पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक टेम्पू को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टेम्पू में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के राजभार निवासी राजकिशोर कुमार, पिता विजय महतो और बिसंभरा निवासी सेराजुल मियां, पिता स्वर्गीय दुखी मियां के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजा बरामद करने के साथ टेम्पू को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
कंगली थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर निगरानी और सख्त किए जाने की बात सामने आई है।
