दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग ने सोमवार को रफीगंज क्षेत्र में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्रेयांश विप्रा के नेतृत्व में प्रखंड अग्निशमालय रफीगंज की टीम ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अग्निशमन पदाधिकारी मुन्ना कुमार के नेतृत्व में प्रधान अग्नि चालक नीरज कुमार, अग्निक सौरभ कुमार, गृहरक्षक विश्वरंजन कुमार समेत अन्य कर्मियों ने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की। टीम ने पंडालों में आग से बचाव के लिए उपलब्ध इंतजामों का निरीक्षण किया और पूजा समिति के सदस्यों को जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान पंडालों में आग बुझाने के उपकरण, बिजली की वायरिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा गया। अग्निशमन टीम ने पूजा समितियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी।
इसके अलावा पूजा पंडालों के आसपास मौजूद जल स्रोतों का भी निरीक्षण किया गया, ताकि आग लगने जैसी आपात स्थिति में तत्काल पानी उपलब्ध कराया जा सके। अग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों से पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने और किसी भी लापरवाही से बचने की अपील की।
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
