दुर्गापूजा के बीच बुधवार शाम तेज बारिश और आंधी ने जामुड़िया थाना क्षेत्र के बागडिहा गांव के बाउरीपाड़ा में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा के कारण चार घर क्षतिग्रस्त हो गए। दो घरों की टिन की छत उड़ गई, जबकि एक मकान पर पेड़ गिरने से मिट्टी की दीवार का हिस्सा ढह गया।
घटना के बाद घरों में रखा जरूरी सामान और दस्तावेज मलबे में दब गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
छत उड़ने और घर को नुकसान पहुंचने के बाद दो प्रभावित परिवारों ने गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में शरण ली। घटना की सूचना मिलने के बाद रात में जामुड़िया ब्लॉक प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर सूखा भोजन, कपड़े और खाना बनाने से संबंधित जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया।
पीड़ित दिलीप बाउरी और रेखा बाउरी ने बताया कि अचानक तेज बारिश के साथ घर में पानी घुसने लगा। कुछ ही देर में तेज हवा के कारण छत उड़ गई और दीवार का एक हिस्सा भी गिर पड़ा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। स्थानीय स्तर पर नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
