सिवान के बड़हरिया में खूनी संघर्ष, फायरिंग के बाद युवक को चाकू; तीन बाइकें जलीं

बिहार के सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर फायरिंग होने, एक युवक को चाकू मारकर घायल करने और तीन मोटरसाइकिलों में आग लगाए जाने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हरदिया टोला निवासी इफ्तेखार अहमद के 22 वर्षीय पुत्र जामिद अहमद को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, करीब 35 कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित जमीन पर धारा 144 लागू होने की भी बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह भी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मामला बढ़ गया और कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की गई। इसी दौरान जामिद अहमद पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

मौके पर खड़ी तीन मोटरसाइकिलों में आग लगाए जाने की भी बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, फायरिंग, चाकूबाजी और बाइक जलाने की घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर क्या जानकारी दी गई है, इसका इंतजार है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद की पुरानी पृष्ठभूमि, फायरिंग और आगजनी की घटना को जोड़कर पुलिस आरोपों की जांच में जुटी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई है।