धनबाद के आजाद नगर में साथी फाउंडेशन ने चलाया स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान

शहर के वार्ड नंबर 17 स्थित आजाद नगर में मदर हलीमा स्कूल के पास साथी फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य, साफ-सफाई और विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के जरिए लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन वार्ड नंबर 17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी, साथी फाउंडेशन के सचिव इरफान आलम, मीडिया प्रभारी इसरार उल हक एवं शिक्षक कलीम कर के नेतृत्व में किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखना भी बेहद जरूरी है। स्वच्छता के प्रति जागरूकता अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

साथी फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने का प्रयास किया जा रहा है।

संस्था की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वच्छता के महत्व को समझें और अपने आसपास साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने में योगदान दें।