साहिबगंज में 55 फीट के रावण का भव्य दहन, आतिशबाजी और लेजर लाइट शो ने मोहा मन

विजयादशमी के अवसर पर साहिबगंज के सिदो-कान्हू स्टेडियम में रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। गोराबाड़ी हटिया दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। शानदार आतिशबाजी, रॉकेट युद्ध और रंग-बिरंगे डिजिटल आतिशबाजी शो के साथ लेजर लाइट की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अतिथियों ने तीर चलाकर रावण दहन किया और विश्व कल्याण की कामना की। रावण के विशाल पुतले में आग लगते ही पूरा स्टेडियम आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्टेडियम पहुंचे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आकर्षक रोशनी और आधुनिक तकनीक से सजे आयोजन ने विजयादशमी के उत्सव को और खास बना दिया।

विजयादशमी का यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। साहिबगंज में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, उत्साह और उत्सव के माहौल को जीवंत कर दिया।