अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के निर्णयानुसार धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ (भामसंघ) की ओर से बुधवार, 29 अक्टूबर को एक दिवसीय क्षेत्र स्तरीय अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धनबाद स्थित संघ कार्यालय विश्वकर्मा भवन के त्र्यंबकराव जुमड़े सभागार में आयोजित हुआ।
इस अभ्यास वर्ग में बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों ने प्रशिक्षु के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कुल 14 क्षेत्रों से श्रमिकों की भागीदारी रही। इसका उद्देश्य संघ के कार्यकर्ताओं एवं श्रमिकों को संगठन की रीति-नीति और कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुरारी ताँती ने की, जबकि मंच का संचालन संघ के महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में संघ के महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने संघ की परंपरा एवं रीति-नीति के अनुसार मंचस्थ अतिथियों का परिचय कराया। इसके बाद उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
अभ्यास वर्ग में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संघ के पदाधिकारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों और श्रमिकों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देने की पहल की गई।
