सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने और उन्हें समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित पेट्रोल पंपों पर प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत पेट्रोल पंप कर्मियों को CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और प्राथमिक चिकित्सा का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। डीएसपी ट्रैफिक श्री रोहित कुमार साव के नेतृत्व में हुई इस बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और बहुमूल्य जीवन बचाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के बाद के शुरुआती महत्वपूर्ण समय में घायलों को जल्द से जल्द प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से उसकी जान बचाने की संभावना बढ़ सकती है।
इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित पेट्रोल पंपों को प्राथमिक सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर चर्चा की गई। पेट्रोल पंप कर्मियों को दुर्घटना के समय तत्काल मदद पहुंचाने, CPR देने और प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में ट्रैफिक पुलिस, जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य संबंधित लोगों ने हिस्सा लिया।
धनबाद पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना और आपातकालीन स्थिति में घायलों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाना है। यदि यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू होती है, तो हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए यह एक महत्वपूर्ण जीवनरक्षक कदम साबित हो सकती है।
