सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर ही राजनीति को मिल सकती है नई दिशा : सुदेश महतो

भारतरत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ की ओर से शनिवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 8 लेन रोड स्थित भेलाटांड़ के द रीत रिसॉर्ट में आयोजित हुआ। संघ के अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में हुए इस समारोह में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और विचारों पर चलकर ही आज की राजनीति को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को स्वतंत्रता दिलाने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। वे ऐसे महान राजनीतिज्ञ और राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने देशसेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन आज भी देश के नेताओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सीख लेकर समाज और देश को मजबूत बनाने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके बताए रास्ते पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ की ओर से आयोजित इस समारोह में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।