छठ महापर्व की आस्था और धार्मिक महत्व को देखते हुए धनबाद के धैया स्थित ठाकुर कुल्ही छठ घाट पर भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस मंदिर का निर्माण श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति, ठाकुर कुल्ही की ओर से कराया जा रहा है। मंदिर निर्माण शुरू होने से स्थानीय श्रद्धालुओं और निवासियों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छठ तालाब के बीचों-बीच सूर्य मंदिर निर्माण के लिए पिलर बनाने का काम शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए श्रद्धालु बांस की चचरी बनाकर जुटे हुए हैं। वहीं, समिति की ओर से घाट परिसर में बैनर लगाकर आम लोगों और श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में आर्थिक एवं अन्य प्रकार का सहयोग करने की अपील की गई है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुंभनाथ सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि सूर्य मंदिर का निर्माण भगवान का कार्य है और इसमें हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठाकुर कुल्ही छठ तालाब में सूर्य मंदिर बनने से स्थानीय निवासियों को पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने में काफी सुविधा होगी।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान सूर्य सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सकारात्मकता का वातावरण बनेगा तथा लोगों के घरों में सुख, समृद्धि और खुशहाली आएगी।
समिति का मानना है कि सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी से इस धार्मिक कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा। इसके लिए स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की गई है।
