थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की सहायता और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सलीम जे फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर एसएमएमसीएच एन ब्लड डोनेशन टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह राजपूत विचार मंच, धनबाद के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और सलीम जे फाउंडेशन की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
मौके पर दिलीप सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। विशेषकर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई दूसरा धर्म नहीं है। रक्तदान के माध्यम से हम किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
इस रक्तदान शिविर के माध्यम से थैलेसीमिया मरीजों की मदद के साथ-साथ आम लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने सामाजिक संगठनों और युवाओं से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सहयोग करने की अपील की।
सलीम जे फाउंडेशन की इस पहल को जरूरतमंद मरीजों की सहायता और मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया गया।
