धनबाद में SDM लोकेश बारंगे ने किया ‘होम टू रोल’ सत्यापन, घर-घर पहुंचकर जांची मतदाता सूची

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए धनबाद में ‘होम टू रोल’ सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), 40-धनबाद विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने स्वयं घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया।

अभियान के तहत मतदान केंद्र संख्या 118 के अंतर्गत अंबिका अपार्टमेंट के विभिन्न फ्लैटों और घरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों की वास्तविक स्थिति की जांच की गई।

सत्यापन के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं या नहीं। इसके अलावा मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने तथा दोहरी प्रविष्टियों की संभावना समाप्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

अधिकारियों ने मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार दुरुस्त करना है।

अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सत्यापन कार्य को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

प्रशासन की इस पहल से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।