IIT (ISM) धनबाद की ऐतिहासिक छलांग, QS एशिया रैंकिंग 2027 में 51 स्थान ऊपर चढ़कर हासिल किया 373वां स्थान

कोयलांचल धनबाद के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने वैश्विक शैक्षणिक पटल पर एक बार फिर अपनी प्रतिभा और उत्कृष्टता का परिचय दिया है। संस्थान ने क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 पायदान की छलांग लगाई है। इस उपलब्धि के साथ आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने एशिया में 373वां स्थान हासिल किया है, जबकि पिछले वर्ष संस्थान 424वें स्थान पर था।

इस रैंकिंग में सुधार के साथ संस्थान ने देश के सभी आईआईटी में 12वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, भारत के कुल उच्च शिक्षण संस्थानों की सूची में इसे 86वां स्थान मिला है। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और लगातार बेहतर होते प्रदर्शन को दर्शाती है।

संस्थान की इस सफलता के पीछे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को अहम माना जा रहा है।

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद लंबे समय से तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखता है। क्यूएस एशिया रैंकिंग में मिली यह उपलब्धि संस्थान के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

इस उपलब्धि से धनबाद सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। संस्थान की यह कामयाबी न केवल कोयलांचल बल्कि देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।