अस्पताल में भर्ती बच्चों संग सेवा और समर्पण परिवार ने मनाई दिवाली, मिठाई और आतिशबाजी बांटकर बिखेरी खुशियां

दीपावली का त्योहार खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए सेवा और समर्पण धनबाद परिवार ने हर वर्ष की तरह इस बार भी अस्पताल में भर्ती बच्चों एवं उनके परिजनों के साथ दिवाली मनाई।

इस खास मौके पर संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ रंगोली बनाई, मिठाइयां बांटी और उनके बीच समय बिताया। सदस्यों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 250 पैकेट मिठाइयां, मोमबत्तियां, फुलझड़ियां और अनार वितरित किए गए। इस पहल से अस्पताल में भर्ती बच्चों और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुछ समय के लिए अस्पताल का माहौल भी त्योहार की खुशियों से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में फाउंडर मेंबर्स मनीषा सिंह, रेखा शर्मा, सुरभि स्नेह, लीला शंकर, काजल झा एवं सुप्रिति वर्मा के साथ एक्टिव मेंबर्स पूजा रानी, छवि, मृदुला श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

संस्था के सदस्यों ने संदेश दिया कि दिवाली की असली खुशी केवल अपने घर को रोशन करने में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों और दुखी लोगों के जीवन में खुशियों का दीप जलाने में है। सेवा और समर्पण परिवार की इस पहल ने सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदना की एक सुंदर मिसाल पेश की।