बगहा में भूमिहीन परिवारों को दिवाली का तोहफा, विधायक ने सौंपा 5 डिसमिल जमीन का पर्चा

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से भूमिहीन परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने दिवाली के अवसर पर भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन का पर्चा सौंपा। इस पहल से लाभार्थी परिवारों में खुशी का माहौल है।

विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सही समय पर पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने भूमिहीन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक दिलाने को अपनी प्राथमिकता बताया।

वहीं, रामनगर विधानसभा क्षेत्र में आगलगी की घटना में बेघर हुए 25 महादलित परिवारों को भी जमीन दिलाने की पहल की जा रही है। इस संबंध में विधायक ने बगहा में संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर प्रभावित परिवारों को राहत और जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

दिवाली के अवसर पर भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा सौंपने की इस पहल को जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब प्रभावित परिवारों को आगे की सरकारी प्रक्रिया और सहायता का इंतजार है।