बिहार के पटना जिले के मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार अहले सुबह शेरपुर गंगा नदी इलाके में पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम की अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें तीन अपराधियों की मौत हो गई। वहीं, मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। घायल थानाध्यक्ष को इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम शेरपुर गंगा नदी इलाके में पहुंची थी। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे टीम का सामना बदमाशों से हो गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सूरज और बबलू पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड के शूटर थे, जबकि जेपी यादव इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू पॉइजन भी गोली लगने से घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
