नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल ‘पहला कदम’ में धनबाद राउंड टेबल 342 एवं पहला कदम के संयुक्त तत्वावधान में दिवाली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ दीपावली का त्योहार मनाया।
इस विशेष आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के लिए दीपावली को यादगार बनाना और उनके जीवन में खुशियों के रंग भरना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद राउंड टेबल 342 के सेक्रेटरी अंकित उपाध्याय के साथ अनूप गोयल, पुनीत राजगढ़िया, अंकुर चौधरी, खुशबू अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर को दीपों की रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया। दीपों की जगमगाहट से पूरा परिसर उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।
आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके उत्साह को बढ़ाया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को त्योहार की खुशियों में शामिल करने के साथ समाज में समानता, प्रेम, सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।
धनबाद राउंड टेबल 342 एवं पहला कदम की इस संयुक्त पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने और उनके जीवन में खुशियां बांटने में है।
