धनतेरस के अवसर पर शहर में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया।
साकची स्थित पसंद टॉकीज के पास सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की। ट्रैफिक प्रभारी नित्यानंद के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को टो कर थाने पहुंचाया। साथ ही सड़क पर खड़े अन्य वाहनों को हटवाकर आवागमन का रास्ता खाली कराया गया।
धनतेरस के कारण बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। पुलिस का उद्देश्य शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न होने से रोकना और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करने और सड़क पर अवैध पार्किंग नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
