दीपावली के अवसर पर स्थानीय कारीगरों और पारंपरिक व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शुक्रवार को सीतारामडेरा क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित कुम्हारपारा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कुम्हारों से मुलाकात की और मिट्टी से बने दीयों की खरीदारी कर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को प्रोत्साहित किया।
विधायक ने कुम्हारों से बातचीत कर उनके पारंपरिक व्यवसाय, मेहनत और दीपावली के दौरान होने वाली बिक्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कारीगरों का उत्साह बढ़ाते हुए स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे दीपावली पर मिट्टी के दीये खरीदें और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर पूर्णिमा साहू ने कहा कि मिट्टी के दीये हमारी संस्कृति, परंपरा और विरासत का प्रतीक हैं। इनकी खरीदारी से न केवल हमारी पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, बल्कि कुम्हारों और स्थानीय कारीगरों की आजीविका को भी सहारा मिलता है।
उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने का आग्रह किया। विधायक की इस पहल से कुम्हारों में उत्साह देखने को मिला। दीपावली के अवसर पर स्थानीय कारीगरों के बीच पहुंचकर दीयों की खरीदारी करने की पहल ने पारंपरिक मिट्टी के उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
