दीपावली पर्व को लेकर पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। छपवा और सुगौली मुख्य बाजार सहित भटहां, छपरा बहास, करमवा और रघुनाथपुर के बाजारों में दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
दीपावली को लेकर लोग अपने घरों की साफ-सफाई और सजावट की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बाजारों में सबसे अधिक भीड़ किराना दुकानों पर देखने को मिली। वहीं मिट्टी के दीये, कलश, ढक्कन, भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की मूर्तियों एवं तस्वीरों की भी जमकर खरीदारी हुई।
इसके अलावा रंग-बिरंगे पटाखों, बिजली की झालरों, आकर्षक बल्बों और सजावटी सामानों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। दुकानदारों ने त्योहार को देखते हुए अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने जरूरत के सामानों की खरीदारी कर दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।
कुल मिलाकर दीपावली को लेकर सुगौली और आसपास के बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगे नजर आए।
