दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह तैयार, SSP प्रभात कुमार ने की शांति और सुरक्षा की अपील

दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने जिलेवासियों को दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।

SSP प्रभात कुमार ने कहा कि फेस्टिवल सीजन शुरू हो चुका है और बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए धनबाद पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, मंदिरों, पूजा पंडालों और छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

SSP ने बाजार आने वाले लोगों से धैर्य बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने परिवार के साथ शांति, सौहार्द और खुशी के माहौल में त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

धनबाद पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।