होमगार्ड बहाली में फर्जीवाड़े का खुलासा, धनबाद में प्रज्ञा केंद्र सील; संचालक की आईडी रद्द करने की अनुशंसा

धनबाद में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के दौरान फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र जमा करने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), यानी प्रज्ञा केंद्र में औचक छापेमारी कर उसे सील कर दिया। साथ ही केंद्र के आरोपी संचालक की आईडी रद्द करने की अनुशंसा की गई है।

जांच में ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा

मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन, निवासी बड़बाड़ी (निरसा), ने चयन के बाद अपना आवासीय प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए जमा किया था। इसके बाद कलियासोल अंचल कार्यालय की ओर से झारसेवा पोर्टल पर प्रमाण पत्र की जांच और स्क्रूटनी की गई। इसी दौरान प्रमाण पत्र में गड़बड़ी की आशंका सामने आई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

एसडीएम ने की औचक छापेमारी, प्रज्ञा केंद्र सील

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम लोकेश बारंगे ने पाथरकुआं पंचायत भवन स्थित प्रज्ञा केंद्र में औचक छापेमारी की। जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया गया। इसके साथ ही संबंधित संचालक की आईडी रद्द करने के लिए अनुशंसा की गई है।

इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में जमा किए गए प्रमाण पत्रों की सत्यता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।