चंपारण में मखाना की खेती को मिलेगा बढ़ावा, 150 हेक्टेयर में उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित

पश्चिम चंपारण जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिले में मखाना उत्पादन का दायरा बढ़ाने और किसानों को इस खेती से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि, मत्स्य, उद्यान एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ मखाना किसानों ने भी भाग लिया।

बैठक के दौरान चालू वित्तीय वर्ष में जिले के 150 हेक्टेयर क्षेत्रफल में मखाना की खेती शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस पहल से जिले में मखाना उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों के लिए आय के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पश्चिम चंपारण में पर्याप्त संख्या में चौर और तालाब उपलब्ध हैं। इन जलक्षेत्रों का उपयोग मखाना की खेती के साथ-साथ मछली पालन के लिए भी किया जा सकता है। इससे उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और किसानों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलेगा।

डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में नियमित फॉलोअप करने का निर्देश दिया। उन्होंने मखाना किसानों को प्रोत्साहित करने तथा खेती के विस्तार के लिए विभागीय स्तर पर समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

जिला प्रशासन की इस पहल से पश्चिम चंपारण में मखाना की खेती को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यदि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम होता है, तो जिले के किसानों को पारंपरिक खेती के साथ एक बेहतर वैकल्पिक कृषि गतिविधि का अवसर मिल सकता है।