धनबाद बार एसोसिएशन की ओर से झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नवनिर्वाचित सदस्यों पवन रंजन खत्री और जितेंद्र कुमार के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी ने की।
इस दौरान दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने दोनों को चुनाव में मिली सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों सदस्य अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके हितों को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
समारोह में पवन रंजन खत्री ने सम्मान के लिए धनबाद बार एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और न्यायिक व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज की न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा, सुविधाओं और अधिकारों को सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अधिवक्ताओं की समस्याओं को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। समारोह सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
