भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धनबाद में श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने संघर्ष और बलिदान को किया नमन

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर धनबाद में श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें याद किया गया। रविवार को जिले के वरीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, स्वाभिमान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष से पूरे देश को प्रेरणा दी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की सीख देता रहेगा।

भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनकी जयंती पर धनबाद के अधिकारियों ने उनके आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।