झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, धनबाद की ओर से एक अनूठी पहल की जा रही है। राज्य की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और गौरवशाली परंपराओं को कला के माध्यम से प्रदर्शित करने के उद्देश्य से कैनवास पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में धनबाद जिले के 50 से अधिक महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को झारखंड की विविध विरासत और पहचान को अपनी कलात्मक कल्पनाओं के जरिए कैनवास पर उकेरने का अवसर मिलेगा। इसमें राज्य की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, प्रमुख पर्यटन स्थल, वन, जलप्रपात, औपनिवेशिक इतिहास और झारखंड आंदोलन के महानायकों के संघर्ष एवं योगदान को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में झारखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
जिला प्रशासन की यह पहल झारखंड की गौरवशाली पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय कला और कलाकारों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
