केन्दुआ पांच नंबर छठ तालाब में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती, उमड़े श्रद्धालु

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर केन्दुआ पांच नंबर स्थित छठ तालाब में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। 17 नवंबर को ए वन क्लब की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मेले के दौरान हुए इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी कुम्भनाथ सिंह उपस्थित हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर गंगा महाआरती कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ए वन क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कुम्भनाथ सिंह को अंगवस्त्र और भगवान सूर्य का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान कुम्भनाथ सिंह ने कहा कि गंगा आरती सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक महत्व रखती है। मां गंगा की आराधना भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। गंगा आरती के माध्यम से श्रद्धालु मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

बनारस की तर्ज पर आयोजित इस महाआरती ने छठ तालाब के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दीपों की रोशनी, आरती और धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

ए वन क्लब की इस पहल से छठ महापर्व के दौरान केन्दुआ पांच नंबर में धार्मिक उत्साह और सामुदायिक सहभागिता का विशेष माहौल देखने को मिला।