पुस्तकों के प्रति लोगों में रुचि बढ़ाने और नई पीढ़ी को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित पुस्तक मेले में इस बार साहित्य और भाषाई विविधता का खास संगम देखने को मिलेगा। मेले में हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, उर्दू और गुरुमुखी के साथ-साथ संथाली, हो और कुड़माली जैसी क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी। इससे अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों के साहित्य को एक ही मंच पर पढ़ने और समझने का अवसर मिलेगा।
इस पुस्तक मेले में दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और पटना सहित देश के विभिन्न शहरों से प्रकाशक अपने पुस्तकों के संग्रह के साथ पहुंचेंगे। पाठकों को साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और ज्ञान-विज्ञान से जुड़ी कई तरह की पुस्तकें देखने और खरीदने का मौका मिलेगा।
विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मेले में क्विज, वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। खास बात यह है कि स्कूली विद्यार्थियों के बीच 30 हजार से अधिक मुफ्त प्रवेश पास वितरित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चे पुस्तक मेले में पहुंचें और उनमें पढ़ने की आदत विकसित हो।
टैगोर सोसाइटी के अध्यक्ष एच.एस. पाल और महासचिव सुदीप बसु ने कहा कि डिजिटल दौर में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। किताबें मनुष्य की सोच, ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाती हैं। पुस्तकें केवल जानकारी का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और विचारशील बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पुस्तक मेले के माध्यम से बच्चों, युवाओं और साहित्य प्रेमियों को किताबों से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं के साहित्य को भी प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जा रहा है।
