भोजपुरी गायक बिनोद बेदर्दी की बढ़ी मुश्किलें, वायरल वीडियो पर पुलिस सख्त; साइबर थाने में FIR दर्ज!

बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले चंपारण के प्रसिद्ध भोजपुरी गायक बिनोद बेदर्दी विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर वह कहते नजर आ रहे हैं कि सिर्फ उनका फोटो दिखाने से पुलिस से मुक्ति मिल सकती है। इस बयान को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद साइबर थाने में भोजपुरी गायक बिनोद बेदर्दी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

वहीं, साइबर एएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि वायरल बयान को लेकर गायक को नोटिस जारी किया गया है और उन्हें थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल एक बयान ने भोजपुरी गायक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि पुलिस पूछताछ में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।