बिहार के मोतिहारी में भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। झरोखर थाना पुलिस ने नशे के विरुद्ध अभियान चलाते हुए एक व्यक्ति को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में 428 ग्राम गांजा और 64 पीस गोगो बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की शाम झरोखर थाना क्षेत्र के कवैया गांव के पास पुलिस टीम पान-गुटका की गुमटियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक गुमटी से संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। तलाशी लेने पर पुलिस को 428 ग्राम गांजा और 64 पीस गोगो मिले। इसके बाद मौके से दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के श्रीपुर कवैया गांव निवासी मदन प्रसाद जायसवाल के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
