बेमौसम बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता! खेतों में भीग रहे धान के बोझे, मेहनत पर फिर सकता है पानी

मौसम के अचानक बदले मिजाज ने धनबाद समेत पूरे झारखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश के कारण खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका गहराने लगी है। शनिवार को राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। इस बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है।

इन दिनों धनबाद के ग्रामीण इलाकों बलियापुर, धोखरा, राजगंज, बरवाअड्डा, सिंदरी, गोविंदपुर और तोपचांची सहित कई क्षेत्रों में धान की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। किसान फसल काटकर उसे खेतों में ही बोझे के रूप में रख रहे हैं। लेकिन अचानक हुई बारिश से ये धान के बोझे भीग रहे हैं।

धान की गुणवत्ता खराब होने का खतरा

लगातार नमी और बारिश के कारण धान की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। खेतों में भीगे धान को सुखाने में किसानों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ सकती है। वहीं, समय पर धान नहीं सूखने से फसल खराब होने और बाजार में उचित कीमत नहीं मिलने का खतरा भी बना हुआ है।

महीनों की मेहनत पर नुकसान का डर

किसानों के लिए धान की फसल सालभर की आजीविका का बड़ा सहारा होती है। खेती में बीज, खाद, मजदूरी और अन्य संसाधनों पर खर्च करने के बाद किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए रहते हैं। ऐसे में कटाई के समय हुई बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

अब किसान मौसम साफ होने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि भीगे हुए धान को जल्द से जल्द सुखाकर सुरक्षित किया जा सके। मौसम की इस मार ने एक बार फिर खेती को प्राकृतिक परिस्थितियों पर निर्भर होने की चुनौती को सामने ला दिया है।