पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड क्षेत्र की गहई पंचायत में एक नाबालिग किशोर के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। किशोर को रस्सी से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
वायरल वीडियो में एक किशोर के हाथ-पैर रस्सी से बंधे नजर आ रहे हैं। वहीं, मौके पर पंचायत बुलाई गई है और वहां लोगों की भीड़ भी दिखाई दे रही है। इस घटना को लेकर ग्राम कचहरी के सरपंच प्रतिनिधियों पर कानून अपने हाथ में लेने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि किसी विवाद को लेकर किशोर को इस तरह बांधा गया था। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और नाबालिग के साथ किए गए कथित व्यवहार की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामले ने पंचायत व्यवस्था और नाबालिगों के अधिकारों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल घटना की पूरी परिस्थितियों और वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मामले में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।
