जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ धनबाद एवं कोलफील्ड गुजराती समाज के संयुक्त तत्वावधान में चेतना महाविद्यालय, सहराज में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। लायन आर.एन. खरकिया नेत्र चिकित्सालय, चिरकुंडा के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 93 मरीजों की आंखों की जांच की गई।
जांच के दौरान 25 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन सभी मरीजों का चिरकुंडा स्थित नेत्र चिकित्सालय में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों की आंखों में निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण भी किया जाएगा। वहीं, जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या नहीं पाई गई, उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का संचालन नेत्र चिकित्सालय की ओर से डॉ. सूर्यकांत, डॉ. पीयूष, निलंजय एवं बापी दत्ता सहित अन्य सदस्यों ने किया। इस शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को आंखों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आयोजकों की इस पहल से स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिला।
