बिहार के पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी टेंगरैला गांव में पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर एक घर से देशी पिस्टल और दो खाली मैगजीन बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने घर के मालिक चिकू कुमार उर्फ राजकिशोर को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में एसडीपीओ-2 फुलवारीशरीफ उमेश्वर चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नौबतपुर थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी टेंगरैला निवासी स्वर्गीय श्यामदेव राम का पुत्र चिकू कुमार उर्फ राजकिशोर अपने घर के सोने वाले कमरे में अवैध देशी पिस्टल छिपाकर रखे हुए है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका सत्यापन किया और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित कर आरोपी के घर में विधिवत तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सोने वाले कमरे में बिछावन के नीचे रखे हरे रंग के छोटे बैग से देशी पिस्टल और दो खाली मैगजीन बरामद की गईं।
हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने चिकू कुमार उर्फ राजकिशोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
