रैपिडो के खिलाफ लामबंद हुए ऑटो चालक, निजी बाइक से व्यावसायिक सेवा पर रोक लगाने की मांग आर्थिक नुकसान का आरोप, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

शहर में रैपिडो बाइक टैक्सी सेवा को लेकर ऑटो चालकों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। रैपिडो के संचालन से आर्थिक नुकसान होने और कई तरह की परेशानियों का सामना करने का आरोप लगाते हुए ऑटो चालकों ने इसके खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। शनिवार, 22 नवंबर को ऑटो चालकों ने बैठक कर अपनी समस्याओं पर चर्चा की और रैपिडो की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई।

बैठक में ऑटो चालकों ने मांग की कि रैपिडो के माध्यम से बाइक टैक्सी चलाने वाले लोग निजी नंबर वाली बाइक का व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं करें। उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति रैपिडो के जरिए बाइक टैक्सी सेवा संचालित करना चाहता है, तो उसे पहले अपने वाहन का व्यावसायिक पंजीकरण कराना चाहिए।

ऑटो चालकों ने आरोप लगाया कि निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने से उनके रोजगार और आमदनी पर असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि ऑटो चालकों को निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करना पड़ता है, जबकि निजी नंबर वाली बाइक से व्यावसायिक सेवा देने से प्रतिस्पर्धा में असमानता पैदा हो रही है।

ऑटो चालकों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे रैपिडो के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और निजी वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल की जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल रैपिडो सेवा को लेकर ऑटो चालकों और बाइक टैक्सी संचालकों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।