झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा–बोनिडांगा रेलखंड पर रेलवे ट्रांसफॉर्मर चोरी मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब दो महीने पुराने इस मामले में कबाड़ दुकान के मालिक जलालुद्दीन उर्फ जल्ला को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे ट्रांसफॉर्मर से महत्वपूर्ण पार्ट्स और करीब 30 किलो तांबा चोरी होने के मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है।
रेलवे के अनुसार, बरहरवा–बोनिडांगा रेलखंड से 63 KVA क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर के महत्वपूर्ण हिस्से चोरी कर लिए गए थे। चोरी हुए ट्रांसफॉर्मर की अनुमानित कीमत 1 लाख 51 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। मामले की जांच के दौरान RPF ने सबसे पहले अखलाख हुसैन को गिरफ्तार किया था।
अखलाख हुसैन की निशानदेही पर एक कबाड़ दुकान में छापेमारी की गई थी। इस दौरान ट्रांसफॉर्मर के तीन बेस, 16 ब्लेड और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। इसके बाद RPF चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही थी।
इसी क्रम में कबाड़ दुकान के मालिक जलालुद्दीन उर्फ जल्ला RPF के समक्ष उपस्थित हुआ। पूछताछ के दौरान उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद 22 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
RPF की कार्रवाई में अब तक इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। रेलवे संपत्ति की चोरी से जुड़े इस मामले में RPF की जांच जारी है।
