इंडो-नेपाल बॉर्डर पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हरैया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हरैया पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल मैत्री पुल के पास जांच के दौरान एक महिला को 2 किलो 56 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला नेपाल के बीरगंज से भारत के रक्सौल की ओर आ रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर मैत्री पुल के पास हरैया पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम वाहनों एवं आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान संदेह होने पर टीम ने महिला को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महिला के कपड़ों में छिपाकर रखे गए दो पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर उनमें अफीम होने की पुष्टि हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2 किलो 56 ग्राम पाया गया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने अफीम जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त निगरानी जारी है।
