शराबबंदी वाले बिहार में नशे का हाल! बेतिया में ATM के गेट पर बेहोश मिला अज्ञात व्यक्ति

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद नशे से जुड़ी घटनाएं सामने आती रहती हैं। ताजा मामला पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से सामने आया है, जहां बसवरिया मस्जिद मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर 19 में स्टेट बैंक के एटीएम के गेट पर एक अज्ञात व्यक्ति नशे की हालत में बेहोश पड़ा मिला।

बताया जाता है कि व्यक्ति काफी देर तक एटीएम के गेट पर बेसुध पड़ा रहा। उसे इस हालत में देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बेहोश व्यक्ति को अपने साथ ले गई।

हालांकि, फिलहाल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। उसने किस नशीले पदार्थ का सेवन किया था, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी के बीच नशे की समस्या और उसकी रोकथाम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह जांच का विषय है कि व्यक्ति किस नशीले पदार्थ के प्रभाव में था और उसकी पहचान क्या है।