BCCL में सफाई कर्मियों के लिए खुलेगा सांध्यकालीन स्कूल, 15 जनवरी तक खाली पदों पर होगी बहाली

बीसीसीएल में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान की दिशा में पहल की जा रही है। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज कुमार बाल्मीकि ने बीसीसीएल प्रबंधन को सफाई कर्मियों के लिए सांध्यकालीन स्कूल खोलने और खाली पदों पर 15 जनवरी तक बहाली की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

मंगलवार को धनबाद स्थित कोयला भवन मुख्यालय के सभागार में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज कुमार बाल्मीकि ने बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, डीटी, डीपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य बीसीसीएल में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाना था।

बैठक के दौरान आयोग के सदस्य ने अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों को भी बुलाया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कर्मचारियों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास पर विशेष जोर दिया। इसी क्रम में सफाई कर्मियों के बच्चों और कर्मचारियों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से सांध्यकालीन स्कूल शुरू करने की पहल करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही बीसीसीएल में खाली पड़े पदों पर बहाली की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी करने को कहा गया। आयोग के सदस्य ने अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस पहल से बीसीसीएल में कार्यरत सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में लाभ मिलने की उम्मीद है।