जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के देवराढ़ कला खुर्द गांव स्थित मां काली मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए मां काली की मूर्ति में लगी सोने की 14 आंखें समेत पीतल के कई कीमती सामान चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर परिसर में घुसे और वहां रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान में मां काली की प्रतिमा में लगी सोने की 14 आंखें, करीब 11 किलो वजन का पीतल का घंटा और 10 किलो वजन का पीतल का अन्य सामान शामिल बताया जा रहा है। चोरी की इस घटना से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है।
फिलहाल मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
