भारत-नेपाल सीमा के इनरवा बॉर्डर पर छोटी भंसार व्यवस्था लागू करने और चारपहिया वाहनों का परिचालन बहाल कराने की मांग को लेकर रविवार शाम भारत-नेपाल मैत्री का अनूठा नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर सीमा पर दीपों से ‘भारत-नेपाल संबंध अमर रहें’ लिखकर दीप प्रज्वलित किए गए। इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी भी की गई।
कार्यक्रम में भारत और नेपाल के सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्घाटन नेपाल के पर्सा क्षेत्र संख्या-4 के संघीय सांसद टेक बहादुर शाक्य और 47वीं बटालियन इनरवा एसएसबी के इंस्पेक्टर उत्तम सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के साथ भारत-नेपाल मैत्री का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने सीमा पर आपसी सौहार्द, व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इनरवा बॉर्डर पर छोटी भंसार व्यवस्था लागू होने और चारपहिया वाहनों का परिचालन शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार, रोजगार और आपसी संपर्क को भी नई गति मिल सकती है।
