उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां विजिलेंस टीम प्रयागराज ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीएचसी बाघराय में तैनात ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) अमित मिश्रा को घूस लेते हुए पकड़ा गया। आरोप है कि वह स्वीपर भर्ती के नाम पर एक पीड़ित से डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रहा था। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर उसे 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ प्रयागराज ले गई। इस घटना के बाद सीएचसी बाघराय परिसर में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।








