जदयू नेता पर हमला या साजिश? नालंदा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नालंदा में जमीन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना परवलपुर थाना क्षेत्र के मर्दनबीघा गांव की है, जहां 20 डिसमिल जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई।

घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परवलपुर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चितरंजन प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घायल चितरंजन प्रसाद, जो वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भी हैं, ने आरोप लगाया कि वे अपने भाइयों के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे, तभी जदयू नेता अजय चंद्रवंशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

वहीं दूसरी ओर, जदयू नेता अजय चंद्रवंशी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित जमीन का बसियतनामा उनके पास मौजूद है। उनका दावा है कि उन्होंने यह जमीन सुबोध कुमार से खरीदी है और कागजात में स्पष्ट रूप से उनका अधिकार दर्ज है।

अजय चंद्रवंशी का कहना है कि खेत में खड़ी फसल उनके पक्ष की थी, जिसे दूसरे पक्ष द्वारा काटा जा रहा था। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने इस पूरे मामले को साजिश बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। समय पर पुलिस पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *