Haldwani के एमबी मैदान में आज ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और नशा मुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मैराथन का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना था।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कई स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने नशे को समाज की सबसे बड़ी बुराई बताते हुए कहा कि इससे लड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
सीएम धामी ने वर्ष 2026 तक ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

