Lal Kuan के मोतीनगर नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक खंडहर स्कूल में अवैध गतिविधियों का बड़ा खुलासा हुआ है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस खंडहर भवन में लंबे समय से संदिग्ध लोगों का आना-जाना और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता था। स्थिति तब गंभीर हो गई जब हाल ही में मोटाहल्दू से लापता एक छात्रा का बैग और उसकी किताबें इसी खंडहर परिसर से बरामद हुईं।
सूचना के अनुसार, ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने बताया कि वह Motinagar स्थित इसी खंडहर स्कूल में रहता है। इसके बाद ग्रामीण उसे लेकर स्कूल पहुंचे।
अंदर का दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए। परिसर में बिस्तर, कपड़े, बड़ी संख्या में इस्तेमाल की गई सिरिंज, नशे के इंजेक्शन के अवशेष और दवाओं की खाली शीशियां पड़ी मिलीं। इससे यहां लंबे समय से नशे के सेवन और अवैध गतिविधियों के संचालित होने की आशंका और गहरी हो गई है।
इसी दौरान मौके से लापता छात्रा का बैग और किताबें भी बरामद हुईं। हालांकि, ग्रामीणों की पकड़ से आरोपी व्यक्ति खिड़की के रास्ते फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से खंडहर स्कूल की जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि पुलिस को सूचना दे दी गई है, लेकिन देर शाम तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची थी।

