उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद से बड़ी खबर है, जहां सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के बहदुरा (बघौता) गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी को जलाकर राख कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामेश्वर पासवान की रिहायशी झोपड़ी में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। झोपड़ी में रखा अनाज, जिसमें गेहूं और चावल शामिल थे, पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा साइकिल, नकदी, गहने और कपड़े सहित घर का सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घंटों बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

